शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, मंडला पुलिस के आरक्षक पर मामला दर्जतीन साल पहले इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान,

जबलपुर के होटलों में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप; महिला थाने में दर्ज हुई एफआईआर
जबलपुर, यश भारत। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस विभाग में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान सिद्धार्थ आरसे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पिपरिया, जिला नर्मदापुरम का निवासी बताया जा रहा है। युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, करीब तीन साल पहले उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। युवती का आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन अब उसने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया है। युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी उसे जबलपुर के दीनदयाल चौक स्थित स्वागत होटल सहित अन्य होटलों में लेकर जाता था। उसने आरोपी के परिजनों पर भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे कार्रवाई की चुनौती देते हुए धमकाता था। निवास थाने से सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उसने जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई।
महिला थाने में दर्ज हुआ मामला
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, युवती की शिकायत पर महिला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, युवती और आरोपी के बीच अप्रैल से नवंबर 2026 के दौरान घटनाक्रम हुआ। फिलहाल मामले को विवेचना में लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की वर्तमान पदस्थापना और विभागीय स्थिति की पुष्टि संबंधित पुलिस इकाई से संपर्क र की जाएगी।







