रीवा और सतना में उतर रही उड़ीसा से गांजा की खेपें : गैंग के तीन गुर्गे गिरफ्तार…. भारी मात्रा में गांजा जप्त
रीवा और सतना में उतर रही उड़ीसा से गांजा की खेपें : गैंग के तीन गुर्गे गिरफ्तार.... भारी मात्रा में गांजा जप्त

रीवा lमऊगंज जिले में नशे के बढ़ते कारोबार पर एक बार फिर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 किलो प्रतिबंधित गांजा बरामद किया है। यह खेप उड़ीसा से बोलेरो वाहन में लाकर मऊगंज और सीधी जिले में खपाने की योजना थी। पुलिस ने तीन तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पर पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
यह कार्रवाई न केवल मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रहार है, बल्कि मऊगंज में गहराते नशे के नेटवर्क की भयावहता को भी उजागर करती है।
मऊगंज पुलिस को एक बार फिर मादक पदार्थों के खिलाफ अपने अभियान में बड़ी सफलता मिली है। ओवरब्रिज नईगढ़ी रोड पर बोलेरो वाहन से 7 किलो गांजा जब्त किया गया है। यह खेप उड़ीसा से लाकर मऊगंज व सीधी जिले में खपाई जा रही थी।मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से घेराबंदी की और बोलेरो वाहन (MP17CB5833) को रोककर तलाशी ली। वाहन से गांजा बरामद हुआ और मौके से तीन तस्कर — जगदीश गुप्ता (40), बृजेश उर्फ बिन्नू विश्वकर्मा (25), और नकछेदी पटेल (45) को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नकछेदी पटेल पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यह खेप पहाड़ी थाना क्षेत्र निवासी राजू पटेल द्वारा उड़ीसा से भेजी गई थी। यही राजू पटेल एक माह पूर्व पकड़ी गई गांजे की खेप में भी संलिप्त पाया गया था, जिसमें दो महिलाएं सहित तीन लोग गिरफ्तार किए गए थे। वही एसडीओपी सची पाठक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य तस्करों के नाम सामने आए हैं, जिन पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगीl







