देश

दशहरे बाद भाजपा में बम्पर नियुक्तियां, भाजपा के मैदानी कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करने की कवायद, एल्डरमैन सहित कई समितियों में होंगी नियुक्तियां

कटनी, यशभारत। मोहन सरकार की दूसरी सालगिरह तक बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को उपकृत किए जाने की तैयारी है। नगरीय निकायों में एल्डरमैन, सरकारी वकील, जिला योजना, जिला विकास, रोगी कल्याण एवं कॉलेजों की जनभागीदारी समितियों आदि में संगठन के मैदानी कार्यकर्ताओं की थोकबंद नियुक्तियों की कवायद तेज हो गई है।

पार्टी ने कटनी समेत तमाम जिलों की रायशुमारी कराकर संभावित नामों की सूची तैयार कर ली है। इसमें विधायकों सहित वरिष्ठ नेताओं की पसंद के नाम भी शामिल हैं। दशहरे के बाद चरणबद्ध तरीके से इसकी शुरूआत किए जाने के संकेत हैं। पार्टी हाईकमान के साथ सत्ता-संगठन के प्रमुख नेताओं की इस मुद्दे पर कई दौर की चर्चा हो चुकी है। जिला कार्यकारिणी गठन के बहाने पार्टी ने सभी जिलों में पर्यवेक्षकों को भेजकर क्षेत्रीय सक्रिय कार्यकर्ताओं का डाटा व फीडबैक तैयार कर लिया है। विधायक और अन्य नेताओं की पसंद भी पूछ ली गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि दशहरे के बाद नियुक्तियों का सिलसिला शुरू होगा।

इन संस्थाओं का है भारी क्रेज

प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सरकार गठन के अब दो साल पूरे होने को हैं। इसलिए निगम-मंडलों से लेकर निकायों और अनेक समितियों में पार्टी कार्यकर्ताओं को एडजस्ट किए जाने को लेकर सरकार और संगठन पर दबाव बढ़ रहा है। दर्जा मंत्रियों से लेकर तहसील स्तर पर नोटरी, जिलों में लोक अभियोजक, सहायक अभियोजक के अलावा, जेल संदर्शक, जनभागीदारी-रोगी कल्याण समिति और जिला योजना जैसी समितियों में नियुक्ति के लिए सबसे ज्यादा लॉबिंग-दावेदारी हो रही है।

निकायों में होना है नियुक्तियां

कटनी नगर निगम समेत विजयराघवगढ़, कैमोर और बरही नगर परिषदों में एल्डरमैन की नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। निगम में 12 और नगर परिषदों में 4 एल्डरमैन नियुक्त होंगे। निकायों से लेकर विभिन्न समितियों में नामांकित सदस्यों को भेजने की एक प्रक्रिया है। हमारे भोपाल के सूत्र बताते हैं कि यह कवायद चल रही है। सरकार और संगठन में विचार-विमर्श के बाद अनुभवी और जानकार लोगों की जल्दी ही नियुक्ति होगी।

कटनी में दशहरे के पहले आ जाएगी जिला कार्यकारिणी

सूत्र बताते हैं कि कटनी की जिला कार्यकारिणी की घोषणा में विलम्ब जरूर हो रहा है लेकिन सूची दशहरे के पहले हर हाल में आ जाएगी। जिले के एक विधायक ने यशभारत को बताया कि एक दो दिन में भी घोषणा हो सकती है, लेकिन दशहरे के पहले घोषणा तय है। अब तक दो दर्ज के लगभग जिलों की सूची जारी हो चुकी है, जिसमें कटनी के पड़ोसी जिले मैहर और सतना और रीवा, डिंडोरी आदि घोषित हो चुके हैं। कुछ असहमति की वजह से इसमें विलंब हो रहा है लेकिन भोपाल के सूत्र दावा कर रहे हैं कि प्रदेश संगठन ने सब सुलझा लिया है।Screenshot 20250925 152811 Drive3images 45 31 3

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button