बरगी हादसे में संवेदनाओं से ज्यादा वायरलिटी की दौड़, AI तस्वीरों ने खड़े किए सवाल
जबलपुर, यश भारत

रिपोर्टर (आकाश पांडेय)जबलपुर, यश भारत। बरगी डैम हादसे के बाद जहां एक तरफ परिवार अपने अपनों को खोने के दर्द से गुजर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर संवेदनहीनता का एक ऐसा चेहरा सामने आया जिसने समाज के चरित्र पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। हादसे में मां और बेटी की मौत को लेकर कुछ लोगों ने AI से बनाई गई तस्वीरों और फर्जी फोटो को असली बताकर वायरल करना शुरू कर दिया।भावुक लाइनों और इमोशनल कंटेंट के साथ इन तस्वीरों को इस तरह पेश किया गया मानो वही घटना की वास्तविक तस्वीर हो। कई सोशल मीडिया पेज और यूज़र्स ने व्यूअरशिप और लाइक्स के लिए बिना पुष्टि किए इन फोटो को तेजी से शेयर किया। बाद में जब असली तस्वीरें और तथ्य सामने आए, तब यह साफ हो गया कि वायरल की जा रही कई तस्वीरें AI तकनीक से तैयार की गई थीं।

इस पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि क्या अब किसी की मौत और परिवार के दर्द को भी सोशल मीडिया कंटेंट बना दिया जाएगा। हादसे की आड़ में फर्जी तस्वीरें फैलाना सिर्फ गलत जानकारी देना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ भी है।
जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार, की शाम करीब 4:00 बजे के बीच एक बहुत ही दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज आंधी और खराब मौसम की वजह से सैलानियों से भरा एक क्रूज नर्मदा के बैकवाटर में पलट गया।
इस हादसे में अब तक 9 लोगों की जान जाने की खबर सामने आई है, जबकि रेस्क्यू टीम ने रातभर में लगभग 22 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। फिलहाल प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है और गोताखोरों के साथ-साथ सेना की टीमें भी लोगों की तलाश में जुटी हैं जो अब भी लापता हैं।







