
भोपाल। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपने तीखे बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने सीधे शिवपुरी पुलिस अधीक्षक (SP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें उनके मोबाइल की रिकॉर्डिंग और पुलिस अधिकारियों के ‘कांग्रेस मानसिकता’ के होने की बात कही गई है।
विधायक लोधी ने दावा किया है कि शिवपुरी एसपी के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस उनके मोबाइल को रिकॉर्ड कर रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि “हमारा एसपी कांग्रेस मानसिकता का है।” लोधी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं। इन आरोपों के साथ, उन्होंने सरकार और संगठन में शिकायत करने की बात भी कही है।
प्रीतम लोधी ने अपनी बात दोहराते हुए कहा, “प्रदेश में सरकार हमारी है पर अधिकारी हमारे नहीं हैं।” उन्होंने इस पूरे मामले में कार्रवाई के लिए पार्टी संगठन और सरकार से बातचीत करने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब प्रीतम लोधी ने शिवपुरी एसपी पर इस तरह के आरोप लगाए हैं। अप्रैल महीने में भी एक जनसभा के मंच से उन्होंने अपना मोबाइल टेप किए जाने का आरोप लगाया था। विधायक के इन बयानों ने एक बार फिर पुलिस-प्रशासन और सत्ताधारी दल के बीच संभावित खींचतान को सामने ला दिया है।






