खवासा चैक पोस्ट में अवैध वसूली के आरोप में युवक़ की पिटाई : ट्रक में रस्सी से हाथ बांधकर की मारपीट
परिवहन विभाग ने झाड़ा पल्ला

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के खवासा मेटेवानी चैक पोस्ट में बुधवार दोपहर दो ट्रक वाहनों की टक्कर के बाद ड्रायवर आक्रोशित हो गए।हाईवे चैक पोस्ट पर एकत्रित ट्रक ड्रायवरों व अन्य लोगों ने उड़नदस्ता दल जैसे खादी वर्दी पहनकर वाहनों को जांच के लिए रोक रहे एक व्यक्ति को ट्रक की बाडी में रस्सी से हाथ पैर बांधकर पिटाई कर दी। ट्रक ड्रायवरों का आरोप है कि खाकी वर्दी पहनकर हाईवे से निकल रहे ट्रकों को रोककर संबंधित व्यक्ति द्वारा रुपयों की अवैध मांग की जा रही थी। जबकि पूरे प्रदेश में चैक पोस्ट की जांच बंद हो चुकी है। इस घटना वीडियो आज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
इसमें चैक पोस्ट में एकत्रित भीड़ में शामिल लोग अमन नामक ढाबा कर्मी को रस्सी से बांधकर पीटते और वीडियो बनाते दिख रहे हैं।
लोगों द्वारा जिस व्यक्ति को पीटा गया वह भी नशे की हालत में था। चैक पोस्ट में तैनात उड़नदस्ता दल व घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची कुरई पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। बाद में घायल अमन नामक व्यक्ति को उपचार के लिए कुरई अस्पताल पहुंचाया गया। हालाकि इस घटना में पीड़ित अमन द्वारा अब तक पुलिस थाना कुरई में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम ने बताया कि घायल शराब के नशे में धुत था, जिसे उपचार के लिए कुरई अस्पताल भेज दिया गया है। पीड़ित की ओर शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी तरह की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
इस पूरी घटना से परिवहन विभाग अपना पल्ला झाड़ रहा है। परिवहन अधिकारी देवेश बाथम ने बताया कि जिस व्यक्ति से मारपीट हुई है। वह चैक पोस्ट के पास स्थित बघीरा ढाबा का सुरक्षा कर्मी है, जो नागपुर जा रहा था। इसी बीच लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी गई। परिवहन विभाग के उड़नदस्ता के कर्मचारियों के साथ किसी तरह की अभद्रता नहीं हुई है। इंटरनेट में प्रसारित वीडियो में पिट रहे व्यक्ति पर उड़नदस्ता दल का सहयोगी बताकर आक्रोशित लोगों अवैध वसूली करने का आरोप लगाया जा रहा है।







