85 वारंटियों एवं अपराधियों की गिरफ्तारी, सडक़ सुरक्षा को लेकर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 चालकों पर कार्रवाई

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले में व्यापक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। जिले के समस्त अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 180 से अधिक पुलिस अधिकारी कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर संगठित एवं सख्त कार्रवाई की गई। नाइट कॉम्बिंग गश्त के दौरान वर्षों से फरार 24 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी की गई। 44 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। 83 जमानती वारंट एवं 121 समंस की तामीली गई। निगरानी बदमाशों एवं 39 गुंडा बदमाशों की जांच की गई। 6 प्रकरण आबकारी एक्ट के तहत दर्ज कर अवैध शराब जब्त की गई। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत 10 व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए गए। जुआ सट्टा अधिनियम के तहत 4 प्रकरण कायम किए गए। धारा 170 बीएनएसएस के तहत परिशांति भंग करने पर 7 आरोपियों, धारा 126, 135 बीएनएसएस 62 प्रकरणों में 75 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही, धारा 129 बीएनएसएस 52 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रमुख चौक चौराहों, बाजारों एवं हाईवे पर सघन चेकिंग की गई। देर रात बिना कारण घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जांच एवं चेतावनी दी गई। यात्रियों एवं परिवारों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में सहायता की गई। बैंकों एवं एटीएम पर औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस का यह व्यापक अभियान अपराधियों में भय उत्पन्न करने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार की कॉम्बिंग गश्त लगातार जारी रहेगी।







