50 लाख बच्चों ने रचा ‘मेरे सपनों का भारत’, सीएम मोहन यादव ने विजेताओं को किया सम्मानित

भोपाल,यशभारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत भोपाल के टीटी नगर स्थित मॉडल स्कूल में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुरस्कार प्रदान किए।
डॉ. यादव ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनसे संवाद किया और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेरा भारत’ और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को सामने रखते हुए बड़े फैसले लिए और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया। आज भारत डिजिटल क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी है और यूपीआई के माध्यम से सबसे अधिक डिजिटल लेन-देन करने वाले देशों में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास को देश की विरासत से जोड़ने का काम किया है। लंबे समय तक ब्रिटिश काल में बने भवन में संसद का संचालन हुआ, लेकिन अब देश की नई संसद में भारतीय संस्कृति और भारतीयता की झलक दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य की अनेक चुनौतियों का समाधान करते हुए गुजरात को सशक्त और समृद्ध प्रदेश बनाया। उनके कार्यकाल में पेट्रोकेमिकल और रिफाइनरी क्षेत्र में हुए विकास ने देश की ऊर्जा क्षमता को भी मजबूत किया।
50 लाख विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 50 लाख बच्चों ने सहभागिता की। चित्रकला प्रतियोगिता में नरसिंहपुर की छात्रा आयुषी अहिरवार ने प्रथम, बालाघाट की डीनू बोपचे ने द्वितीय और टीकमगढ़ की आयुषी सिद्धि नामदेव ने तृतीय स्थान हासिल किया। रायसेन के अनुभव राजपूत और डिंडौरी के साजन कुमार बर्मन को सांत्वना पुरस्कार मिला।
भाषण प्रतियोगिता में अशोक नगर की श्रीजी मिश्रा प्रथम, धार की छवि मंगरेलिया द्वितीय और गुना की रानी रजक तृतीय रहीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।






