भोपाल में हनीट्रैप का खेल: ब्लैकमेल कर कारोबारी से ऐंठे 40 लाख, अब 1.5 करोड़ की नई रंगदारी; तीन पर केस दर्ज

भोपाल में हनीट्रैप का खेल: ब्लैकमेल कर कारोबारी से ऐंठे 40 लाख, अब 1.5 करोड़ की नई रंगदारी; तीन पर केस दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अपराधियों और ब्लैकमेलर्स का एक नया और गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रतिष्ठित व्यवसायी को हनीट्रैप और दुष्कर्म के झूठे मामलों में फंसाने का डर दिखाकर 40 लाख रुपये वसूल लिए गए। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने एक महिला, उसके पति और पिता सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी शिकंजा कस दिया है।
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, इस शातिर गिरोह ने पहले व्यवसायी को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर नकद रकम ऐंठी और कागजी अनुबंध तैयार करवाए। इसके बाद एमपी नगर थाने में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराकर दबाव बनाया गया। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की गरिमा बचाने के लिए पीड़ित ने मध्यस्थता के जरिए 25 लाख रुपये 10 और 15 लाख के दो चेक देकर मामला रफा-दफा कराया और महिला ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
लेकिन लालच यहीं खत्म नहीं हुआ। कुछ समय बीतने के बाद आरोपियों ने फिर से संपर्क साधा और सीधे डेढ़ करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि की मांग कर डाली।
कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सऐप चैट बने अहम सबूत
रकम देने से साफ इनकार करने पर आरोपियों ने पीड़ित को दोबारा दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने के साथ-साथ जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। तंग आकर व्यवसायी ने इन तमाम धमकियों से जुड़े पुख्ता साक्ष्य कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सऐप चैट पुलिस को सौंप दिए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई तेज कर दी है।







