डिजिटल ठगों पर भोपाल देहात पुलिस का प्रहार, शुरू हुआ सेफ़ क्लिक 2.0 अभियान

डिजिटल ठगों पर भोपाल देहात पुलिस का प्रहार, शुरू हुआ सेफ़ क्लिक 2.0 अभियान
एसपी पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस की टीमें उतरीं जमीन पर
बाजारों, ढाबों और फैक्ट्रियों में चौपाल लगाकर 600 से अधिक लोगों को किया जागरूक
भोपाल, यशभारत। डिजिटल युग में तेजी से पैर पसार रहे साइबर अपराधियों और ठगी के नए-नए पैंतरों से आम जनता को महफूज रखने के लिए भोपाल देहात पुलिस ने जिलेभर में एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन में समस्त थाना क्षेत्रों की साइबर सेल द्वारा सेफ़ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित डिजिटल जीवन अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस की टीमें सीधे जमीनी स्तर पर जाकर व्यापारियों, ग्रामीणों, फैक्ट्री कर्मचारियों और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत कर रही हैं। इस विशेष मुहिम के तहत अब तक जिलेभर में 600 से अधिक लोगों को सीधे तौर पर जागरूक किया जा चुका है।
बाजारों से लेकर ढाबों तक पुलिस की चौपाल
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए भोपाल देहात के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस ने सघन अभियान चलाया है। थाना बैरसिया में पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों व दुकानदारों को एकत्रित कर उन्हें ओटीपी फ्रॉड और इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में चल रहे डिजिटल अरेस्ट जैसे गंभीर अपराधों से बचने के तौर-तरीके सिखाए और पम्पलेट बांटे। वहीं, थाना परवलिया सड़क क्षेत्र के अंतर्गत उपसरपंच ढाबा एवं मुबारक जोड़ पर राहगीरों और आमजन को संदिग्ध कॉल्स से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
इसी कड़ी में, थाना गुनगा पुलिस ने ग्राम दुपाडिया स्थित सीएससी केंद्र पर दुकानदारों और ग्राहकों को डिजिटल सुरक्षा के गुर सिखाए। थाना बिलखिरिया क्षेत्र में एक कदम आगे बढ़ाते हुए साइबर जागरूकता प्रचार रथ के माध्यम से मल्टी कोकता मार्केट में नागरिकों को सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के प्रति जागरूक किया गया। उधर, थाना नजीराबाद पुलिस ने बाजार क्षेत्रों और एटीएम बूथों के आसपास मुस्तैदी दिखाते हुए लोगों को एटीएम फ्रॉड, ओटीपी साझा न करने और संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
फैक्ट्री कर्मियों और रहवासियों के बीच पहुँचे पुलिस कप्तान के सिपाही
कार्यस्थलों और रहवासी इलाकों में सुरक्षा का संदेश पहुँचाने के उद्देश्य से थाना ईंटखेड़ी पुलिस की टीम ग्राम निपनिया जाट स्थित एमएच फूड्स एंड बेवरेजेस फैक्ट्री पहुँची। यहाँ फैक्ट्री प्रबंधन और बड़ी संख्या में मौजूद श्रमिकों को फर्जी कॉल और वित्तीय धोखाधड़ी की बारीकियां समझाई गईं। इसके अलावा, थाना सूखी सेवनिया क्षेत्र के अंतर्गत एकता नगर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय रहवासियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधियों के झांसे में न आने के लिए प्रेरित किया गया।
ठगी होने पर तुरंत डायल करें हेल्पलाइन 1930
भोपाल देहात पुलिस ने सभी कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों से पुरजोर अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें।
पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि यदि किसी नागरिक के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो वे घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। पुलिस के अनुसार, एक सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए यह जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







