चोरी का प्लान हुआ बेकार , कार छोड़कर भागे शातिर चोर : अलर्ट ग्रामीणों ने बिछाया जाल… पढ़े पूरी खबर

गोटेगांव। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कमोद के चरगुवां गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात ग्रामीणों की सूझबूझ, एकजुटता और हिम्मत से बकरी चोरी की बड़ी वारदात टल गई। ग्रामीणों को आता देख चार शातिर चोर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार मौके पर ही छोड़कर अंधेरे में भाग निकले।
कई दिनों से सक्रिय था चोर गिरोह
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले 15-20 दिनों से लगातार बकरियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे किसान और पशुपालक काफी परेशान थे। इसकी लिखित शिकायत ग्रामीणों द्वारा गोटेगांव थाने में दर्ज कराई गई थी। साथ ही ग्रामीण खुद भी रात में बारी-बारी से पहरा दे रहे थे।
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर चार संदिग्ध युवक गांव के बाहरी छोर पर पहुंचे। कार की लाइट बंद थी और धीरे-धीरे बस्ती की ओर बढ़ रही थी। कुछ ग्रामीण जो पहले से जाग रहे थे, उनकी नजर कार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अन्य ग्रामीणों को सूचना दी और बिना शोर मचाए चारों ओर से घेराबंदी शुरू कर दी।
जब चोरों ने देखा कि ग्रामीण उनकी ओर आ रहे हैं, तो उन्होंने कार को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। लेकिन कच्चे रास्ते और खेत की मेड़ के कारण कार फंस गई। खुद को चारों तरफ से घिरता देख चारों आरोपी कार का दरवाजा खोलकर खेतों के रास्ते भाग निकले। ग्रामीणों ने पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भागने में सफल रहे।
पुलिस ने कार की जब्त, दस्तावेजों से होगी पहचान
घटना की सूचना तत्काल गोटेगांव थाना पुलिस और डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि कार के अंदर से कुछ दस्तावेज और सामान मिला है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरी घटना में चरगुआ के ग्रामीणों ने जिस साहस और एकता का परिचय दिया है, उसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। यदि ग्रामीण अलर्ट नहीं होते तो चोर बड़ी संख्या में बकरियां चोरी कर ले जाते। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।






