भोपालमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

हरदीप सिंह पुरी मप्र से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित , नाम वापसी की समय-सीमा खत्म होते ही निर्वाचन अधिकारी ने की औपचारिक घोषणा, सौंपा प्रमाण पत्र

हरदीप सिंह पुरी मप्र से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित

नाम वापसी की समय-सीमा खत्म होते ही निर्वाचन अधिकारी ने की औपचारिक घोषणा, सौंपा प्रमाण पत्र

भोपाल,यश भारत। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। गुरुवार  5 नवंबर को उपचुनाव के लिए नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उनकी निर्विरोध जीत की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया। पुरी के निर्विरोध निर्वाचन से राज्यसभा में भाजपा की स्थिति और मजबूत हुई है।


तकनीकी खामियों के चलते निरस्त हुए दो नामांकन

मध्यप्रदेश की इस राज्यसभा सीट के उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी के अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल किया था। इनमें कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी और कांते सायन्ना शामिल थे। हालांकि  नामांकन पत्रों की जांच के दौरान तकनीकी खामियां और त्रुटियां पाए जाने के कारण दोनों प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिए गए। ऐसे में चुनाव मैदान में पुरी ही एकमात्र उम्मीदवार रह गए थे। गुरुवार को नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही उनकी निर्विरोध जीत पर औपचारिक मुहर लग गई।

उत्तर प्रदेश की जगह अब मध्यप्रदेश से करेंगे प्रतिनिधित्व

गौरतलब है कि हरदीप सिंह पुरी इससे पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। उनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला था। भाजपा नेतृत्व ने इस बार उन्हें उत्तर प्रदेश के बजाय मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया। मध्यप्रदेश की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। इस सीट का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक शेष है। अब हरदीप सिंह पुरी इसी शेष कार्यकाल के लिए मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button