बिना लाइसेंस चल रहे थे मावा कारखाने, प्रशासन की दबिश भंवरपुरा और सिकरावली में कार्रवाई, 85 किलो संदिग्ध मावा और पाम ऑयल जब्त

बिना लाइसेंस चल रहे थे मावा कारखाने, प्रशासन की दबिश
भंवरपुरा और सिकरावली में कार्रवाई, 85 किलो संदिग्ध मावा और पाम ऑयल जब्त
भोपाल, यश भारत। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को भंवरपुरा और सिकरावली गांव में मावा कारखानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो कारखाने बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित मिले। टीम ने कुल 85 किलो संदिग्ध मावा जब्त किया। एसडीएम के निर्देशन में पहुंची टीम ने भंवरपुरा में राकेश गुर्जर के कारखाने से 35 किलो तथा बीरबल गुर्जर के कारखाने से 50 किलो मावा जब्त किया। दूसरे कारखाने से पाम ऑयल के टीन और अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली। दोनों स्थानों से मावा और दूध के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। इसके बाद टीम ने सिकरावली में बंटी गुर्जर के कारखाने का निरीक्षण कर दूध और मावा के नमूने लिए। प्रशासन ने संबंधित संचालकों से बॉन्ड भरवाया। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।







