जेपी अस्पताल में फफूंद लगे गद्दों पर मरीजों का इलाज, वार्ड नंबर चार में संक्रमण का खतरा

जेपी अस्पताल में फफूंद लगे गद्दों पर मरीजों का इलाज, वार्ड नंबर चार में संक्रमण का खतरा
अरविंद कुमार कपिल। राजधानी के जयप्रकाश अस्पताल (जेपी अस्पताल) की इमरजेंसी में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों के सामने बीमारी के साथ संक्रमण का खतरा खड़ा हो गया है। अस्पताल के वार्ड नंबर-4 में मरीजों के लिए लगाए गए कुछ गद्दों और बिस्तरों पर नमी व गंदगी के कारण फफूंद जमा होने की तस्वीरें सामने आई हैं। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीज मजबूरी में इन्हीं बिस्तरों पर लेटकर इलाज कराने को विवश हैं।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि इमरजेंसी में आने वाला व्यक्ति पहले ही बीमारी, चोट या अन्य गंभीर स्थिति से जूझ रहा होता है। ऐसे में गंदे और फफूंद लगे बिस्तरों पर उपचार मिलना चिंता बढ़ाने वाला है। खासकर लंबे समय तक अस्पताल में रहने वाले मरीजों के लिए साफ-सफाई और संक्रमण नियंत्रण बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
फफूंद से एलर्जी और संक्रमण का खतरा
नमी वाले गद्दों और बिस्तरों पर फफूंद का बढ़ना स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। फफूंद के कण हवा में फैल सकते हैं और सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं। इससे संवेदनशील लोगों में एलर्जी, खांसी, सांस लेने में परेशानी और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। जिन मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले से कमजोर है, उनमें फंगल संक्रमण का खतरा अधिक हो सकता है।
इमरजेंसी में भर्ती मरीजों में बुजुर्ग, छोटे बच्चे और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोग भी शामिल होते हैं। ऐसे मरीजों के लिए संक्रमण से बचाव और स्वच्छ बिस्तर उपलब्ध कराना अस्पताल की मूलभूत जरूरत है।
बजट के बावजूद बदहाल व्यवस्था
अस्पताल में सफाई और हाउसकीपिंग के लिए नियमित रूप से संसाधन और बजट उपलब्ध होने के बावजूद बिस्तरों की यह स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। मरीजों का कहना है कि केवल फर्श और गलियारों की सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि गद्दों, चादरों और मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी सामान की नियमित सफाई और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बदलना भी जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार गीले या फफूंद लगे गद्दों को केवल ऊपर से चादर डालकर इस्तेमाल करना समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे गद्दों की उचित सफाई, सुखाने या जरूरत पड़ने पर उन्हें बदलने की व्यवस्था होनी चाहिए।
अधिकारी बोले- जानकारी लेकर कराएंगे कार्रवाई
इस मामले में सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि अस्पताल में लगातार सफाई कराई जाती है और मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाता है। उन्होंने वार्ड नंबर-4 के बिस्तर की चादर पर फफूंद लगे होने को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी से जानकारी ली जाएगी।








