हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में पुलिस की पैनी नजर, कटनी पुलिस ने चलाया सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान

कटनी, यशभारत। अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने कटनी पुलिस द्वारा सरप्राइज चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कल देर शाम सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष निगरानी की। थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों द्वारा हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में बाइक पेट्रोलिंग, पैदल गश्त एवं चेकिंग की गई। इस दौरान गुंडे-बदमाश, निगरानीशुदा बदमाश, नकबजन, लुटेरे, चाकूबाज, जिलाबदर एवं रासुका के आरोपियों की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को अपराध से दूर रहने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान होटल, लॉज, ढाबे, रैन बसेरे, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों की विशेष रूप से चेकिंग की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वाहनों में ब्लैक फिल्म, अनधिकृत हूटर एवं मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी।
एनकेजे पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
एनकेजे थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर नियंत्रण लिए एनकेजे पुलिस ने थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान थाना क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट्स पर पैदल मार्च किया गया, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की गई। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।







