कुर्सी खाली, मरीज बेहाल: जिला अस्पताल में तय समय के आधे घंटे बाद तक नहीं पहुंचे डॉक्टर

यशभारत डिंडोरी।डिंडौरी जिला चिकित्सालय डिंडौरी में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ओपीडी में निर्धारित समय पर चिकित्सकों की मौजूदगी नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, शाम 5 बजे ओपीडी शुरू होने के निर्धारित समय के बावजूद शाम 5 बजकर 26 मिनट तक संबंधित ओपीडी कक्ष में चिकित्सक नहीं पहुंचे थे। इस दौरान मरीज इलाज की पर्ची लेकर डॉक्टर के आने का इंतजार करते रहे।
पर्ची लेकर बैठे रहे मरीज, उपचार के लिए करना पड़ा इंतजार
जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीज भी शामिल हैं। ऐसे में निर्धारित समय पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। ओपीडी कक्ष में डॉक्टर की अनुपस्थिति की स्थिति ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकों की समयबद्ध उपस्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिम्मेदारी तय करने की उठी जरूरत
जिला अस्पताल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में ओपीडी के निर्धारित समय पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। यदि निर्धारित समय में चिकित्सक मौजूद नहीं थे, तो इसके कारणों की जांच की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल, इस मामले में संबंधित चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।






