रेलवे ट्रैक पर तेंदुए की दर्दनाक मौत, तीसरी घटना से वन विभाग में हड़कंप

सतना, यश भारत।जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सतना-उचेहरा रेल खंड के तिघरा फाटक के पास रविवार सुबह एक तेंदुए की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर तेंदुए का शव देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उचेहरा रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का निरीक्षण किया। सतना वन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि वन विभाग अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रहा है। सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और मुकुंदपुर टाइगर सफारी की टीम को भी जांच में शामिल किया गया है।
तेंदुए की मौत की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों में वन्यजीव को नजदीक से देखने की जिज्ञासा देखी गई, हालांकि वन विभाग की टीम लगातार लोगों को वहां से हटाने और स्थिति नियंत्रित करने में जुटी रही।
तीसरी घटना से बढ़ी चिंता
सतना वन मंडल में रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की मौत का यह तीसरा मामला है। इससे पहले वर्ष 2016 में मझगवां रेंज में एक बाघ और वर्ष 2025 में एक शावक की भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण और रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







