रक्षाबंधन पर बहन से मिलने निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, खाली प्लॉट में मिला शव

सागर,यशभारत lसुरखी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक खाली प्लॉट में 43 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान हीरापुर निवासी अशोक उर्फ छोटू लोधी के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय शराब ठेके पर कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क से करीब 20 फीट दूर एक खाली प्लॉट में शव पड़ा देखा और तुरंत सुरखी थाना पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर मृतक की मोटरसाइकिल भी उनके शव के ऊपर पड़ी पाई गई, जिससे प्राथमिक दृष्ट्या मामला दुर्घटनाग्रस्त प्रतीत हो रहा है।
परिजनों ने बताया कि अशोक शुक्रवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपनी बहन के घर ‘बमनी’ जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे।
सूचना मिलते ही सुरखी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम (PM) के लिए जिला अस्पताल सागर भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सुरखी थाना पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह—यह महज़ एक सड़क हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य संदिग्ध कारण है—का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।







