मिशन चौक पर गूंज रही छात्रों की आवाज, LED स्क्रीन पर लोग देख रहे राहुल गांधी का संवाद

कटनी, यशभारत। इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की गूंज आज कटनी के मिशन चौक तक पहुंची। यहां बड़ी LED स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जा रहा है,जिसे देखने और सुनने के लिए छात्र, युवा और शहर के नागरिक मौजूद हैं। कांग्रेस नेताओं की भी उपस्थिति है। शाम 5 बजे से शुरू हुए प्रसारण के दौरान लोग राहुल गांधी और छात्रों-युवाओं के बीच हुए संवाद को लाइव देख रहे हैं। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद हो रहा है। मिशन चौक पर LED स्क्रीन के सामने लोगों की मौजूदगी के बीच कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना जा रहा है। युवाओं और छात्रों में संवाद को लेकर विशेष रुचि दिखाई दे रही है। इंदौर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी बात रखने और शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े विषयों पर संवाद का मंच उपलब्ध कराना है। कटनी में सार्वजनिक रूप से किए गए इस लाइव प्रसारण के जरिए शहर के लोगों को इंदौर में चल रहे संवाद से सीधे जुड़ने का अवसर मिला। इस दौरान जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष करण सिंह चौहान, रामनरेश त्रिपाठी, बीएम तिवारी, श्याम पाहुजा, राजा जगवानी सहित अन्य नेता मौजूद हैं।






