मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी खबर : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी 2 करोड़ की फिरौती : दिल्ली पुलिस सिवनी पहुंची,  जांच तेज

सिवनी यश भारत:-राजधानी दिल्ली के एक व्यापारी से कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम सिवनी पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फिरौती मांगने के लिए जिस मोबाइल नंबर का उपयोग किया गया था, वह सिवनी निवासी एक युवक के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि पुलिस जांच में अब तक युवक की प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली के एक व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से धमकी देकर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। कॉल करने वाले आरोपियों ने स्वयं को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की, जिसमें उपयोग किए गए मोबाइल नंबर की लोकेशन और पंजीयन संबंधी जानकारी सिवनी जिले से जुड़ी मिली।

जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की टीम सिवनी पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संबंधित युवक से पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि जांच के दौरान मोबाइल नंबर सुनील सतनामी नामक युवक के नाम पर दर्ज पाया गया, लेकिन अब तक की जांच में युवक की किसी भी आपराधिक गतिविधि या फिरौती मांगने की घटना में संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तकनीकी जांच को आगे बढ़ाने के लिए युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर यह संभावना जताई जा रही है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग या उससे जुड़े अपराधियों द्वारा किसी अनाधिकृत माध्यम से युवक के मोबाइल नंबर का उपयोग किया गया हो। मामले की विस्तृत जांच जारी है और साइबर विशेषज्ञ भी कॉल डिटेल्स तथा डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रहे हैं।

गौरतलब है कि हाल के वर्षों में देश के विभिन्न राज्यों में व्यापारियों, उद्योगपतियों और कारोबारियों को व्हाट्सएप कॉल एवं इंटरनेट आधारित माध्यमों से धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले सामने आए हैं। कई मामलों में अपराधी फर्जी सिम, क्लोन नंबर या इंटरनेट कॉलिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करते पाए गए हैं, जिससे जांच एजेंसियों के सामने चुनौतियां बढ़ जाती हैं।

दिल्ली पुलिस जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले के वास्तविक आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की धमकी भरी कॉल या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button