कटनी

बड़ी खबर : मणिपुरम बैंक में हुई सनसनीखेज डकैती मामले के तीन आरोपी कटनी पुलिस गिरफ्त में, संबलपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया कटनी

कटनी, यशभारत। दो वर्ष पहले बरगवां स्थित मणिपुरम गोल्ड लोन बैंक में हुई डकैती के मामले में कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को संबलपुर की सर्किल जेल से 30 दिन के प्रोडक्शन वारंट पर कटनी लाया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में डकैती कांड के फरार और बचे हुए आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। इसी दौरान पुलिस को मामले से जुड़े तीन आरोपियों के संबलपुर जेल में बंद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर कटनी लेकर पहुंची।
संबलपुर से कटनी लाए गए आरोपियों की पहचान अखिलेश उर्फ विकास उर्फ जॉन राइट, उम्र 25 वर्ष, निवासी वैशाली बिहार, अर्जुन उर्फ पीयूष जायसवाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी पटना बिहार और अनुज कुमार शाह उर्फ आकाश, उम्र 38 वर्ष, निवासी वर्धमान, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
डीएसपी शिवा पाठक के मुताबिक तीनों आरोपियों को कटनी लाने के बाद जिला जेल कटनी भेजा गया है। न्यायालय से पुलिस को 3 सितंबर तक की पुलिस रिमांड मिली है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से मणिपुरम गोल्ड लोन डकैती में लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, डकैती में शामिल अन्य साथियों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि इस मामले में कटनी पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी/पुलिस हिरासत के बाद अब तक मामले में कुल आठ आरोपी पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं।
पुलिस की पूछताछ में डकैती में लूटे गए माल और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और डकैती की वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button