शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को किया याद, पुलिस लाइन में स्मृति दिवस, परिजनों का शाल-श्रीफल से किया सम्मान

कटनी, यशभारत। पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों के बलिदान की स्मृति में इस दिवस की परंपरा प्रारंभ हुई। कार्यक्रम के दौरान एएसपी कमल मौर्य ने देश भर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके पश्चात परेड दल द्वारा शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई तथा पुलिस स्मृति परेड मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, प्रधान आरक्षक काशीराम यादव, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक हृदय नारायण यादव, प्रधान आरक्षक राम किशोर विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद राय, प्रधान आरक्षक प्रकाश सिंह, प्रधान आरक्षक गया सिंह त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अवधेश दुबे, आरक्षक राजेश गौतम, आरक्षक अशोक सोनी, आरक्षक तखत सिंह, आरक्षक हीरालाल केवट के परिजनों को शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी.कर्मचारीए जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित रहे। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्रीमती सोनम उईके ने परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि सहायक कमांडर की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने निभाई। मंच संचालन श्रीमती सीमा जैन द्वारा किया गया।







