सिंगापुर में मध्यप्रदेश के पर्यटन आकर्षणों की धूम, आईटीबी एशिया में बना पवेलियन केंद्र

सिंगापुर में मध्यप्रदेश के पर्यटन आकर्षणों की धूम, आईटीबी एशिया में बना पवेलियन केंद्र
– विरासत, वन्यजीव, आध्यात्म और गजक-रतलामी सेव से विदेशी मेहमानों को लुभा रहा प्रदेश
भोपाल, यश भारत। सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले आईटीबी एशिया 2026 में मध्यप्रदेश का पवेलियन विदेशी पर्यटकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सिंगापुर में भारत की उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने मरीना बे सैंड्स स्थित सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के पर्यटन सचिव एवं टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. सहित विभागीय अधिकारी और वैश्विक पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पवेलियन को राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, वन्यजीव, आध्यात्म, वेलनेस और सतत पर्यटन की थीम पर तैयार किया गया है। यहां वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से विदेशी मेहमान प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अनुभव ले रहे हैं। वहीं, जीआई टैग प्राप्त मुरैना की गजक और रतलामी सेव का स्वाद भी आगंतुकों को आकर्षित कर रहा है। तीन दिवसीय पर्यटन मेला 23 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों तथा निवेशकों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें कर रही है। इन बैठकों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज में प्रदेश के पर्यटन स्थलों को शामिल कराने और पर्यटन निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। इस भागीदारी से मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में नई पहचान दिलाने और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की उम्मीद है।







