शेर चौक में चाकूबाजी का एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार, गाड़ी लहराकर चलाने से मना करने पर किया था हमला

कटनी, यशभारत। शेर चौक में सडक़ पर लापरवाही से स्कूटी चलाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। इस बात से नाराज दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में संतोष साहू घायल हो गया। कोतवाली पुलिस ने घटना के बाद एक आरोपी अमन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चाकू भी बरामद किया गया है। दूसरा आरोपी अंश समुन्द्रे फरार है। पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर को कुशवाहा नगर निवासी संतोष साहू साइकिल से अपने घर जा रहा था। शेर चौक में मनीष मेडिकल स्टोर से दवाई लेने के बाद जब वह सनमुख दास दवाखाना के पास पहुंचा, तभी स्कूटी सवार दो युवक उसकी साइकिल के सामने से निकले। संतोष ने उन्हें सावधानी से गाड़ी चलाने को कहा। इसी बात पर दोनों युवक भडक़ गए और संतोष पर चाकू से हमला कर दिया। मौजूद लोगों के बीचबचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घायल संतोष को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों में शिवनगर निवासी अमन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया है। मामले में नदीपार निवासी अंश समुन्द्रे घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







