पर्यावरण-संरक्षण के संदेश के साथ होली पर्व मनाया जाएगा
कलेक्टर ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं

पर्यावरण-संरक्षण के संदेश के साथ होली पर्व मनाया जाएगा
कटनी, यशभारत।कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि इस बार होली पर्व सामाजिक एकता, उल्लास और पर्यावरण-संरक्षण के संदेश के साथ मनाया जाए। उन्होंने होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर गो-काष्ठ (उपलों) का उपयोग करने की अपील की और कहा कि यह न केवल वृक्ष संरक्षण में मदद करेगा बल्कि पर्यावरण में हानिकारक गैसों के उत्सर्जन को भी रोकेगा।
कलेक्टर ने कहा कि होलिका दहन के दौरान प्लास्टिक, टूटी वस्तुएं, टायर और लकड़ियों का उपयोग न करें, जिससे हवा और स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर न पड़े। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि होलिका दहन विद्युत तारों, ट्रांसफार्मर और पोल से दूर किया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
शहरवासियों को हर्बल रंगों का उपयोग, जल संरक्षण और पशु-पक्षियों पर रंग न डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कटनी, कैमोर, बरही और विजयराघवगढ़ के नगरीय निकाय क्षेत्रों में शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश भी सभी को साझा करने का आग्रह किया गया है।
जिले में विभिन्न स्तरों पर सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा। पूरी तरह से गो-काष्ठ आधारित होलिका दहन करने वाली संस्थाओं और उनके पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी से पर्व को उत्साहपूर्वक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल मनाने का आग्रह किया।







