फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र से टेंडर हासिल करने का आरोप ईओडब्ल्यू ने ठेकेदार और फर्म के खिलाफ दर्ज किया मामला

सागर, यश भारत। फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी टेंडर हासिल करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने ठेकेदार लखन लाल कुर्मी और उनकी फर्म जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। दमोह निवासी रोहित बरोलिया की शिकायत की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। ईओडब्ल्यू के अनुसार, जांच में सामने आया कि सीतानगर, जिला दमोह निवासी लखन प्रसाद कुर्मी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, छतरपुर के नाम से हैंडपंप की गिरी हुई पाइपलाइन निकालने संबंधी फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार किया था। आरोप है कि इस कूटरचित दस्तावेज का इस्तेमाल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के निवाड़ी खंड में दो टेंडर हासिल करने के लिए किया गया।जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद ठेकेदार और उनकी फर्म के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 336(2) और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।ईओडब्ल्यू ने प्रकरण को विवेचना में ले लिया है। जांच के दौरान अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







