Top-5देशमुख्य ख़बरें

जम्मू-कश्मीर में आतंकी फंडिंग नेटवर्क का भंडाफोड़, लश्कर और टीआरएफ से जुड़े 10 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर | जम्मू-कश्मीर में आतंकियों तक आर्थिक मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शोपियां पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग आम नागरिकों से गुपचुप तरीके से पैसे जुटाकर वित्तीय नेटवर्क के जरिए आतंकियों तक पहुंचाते थे। इस रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और आतंकियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शोपियां, पुलवामा और कठुआ के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि इनके संपर्क जम्मू-कश्मीर की अलग-अलग जेलों में बंद आतंकियों और उनके सहयोगियों से भी थे। आरोपी जेलों में बंद आतंकियों के निर्देशों और संपर्कों के आधार पर फंडिंग नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है।

ऑनलाइन लेनदेन से खुला नेटवर्क

पुलिस की जांच में अलग-अलग डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए गए कई संदिग्ध लेनदेन सामने आए। इन लेनदेन की कड़ियां जोड़ने पर आतंकी फंडिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपियों के खिलाफ शोपियां पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि फंडिंग के लिए किन वित्तीय माध्यमों का इस्तेमाल किया गया और इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितनी रकम आतंकियों तक पहुंचाई गई।

स्मार्टफोन और दूसरी सुविधाएं भी कराते थे उपलब्ध

पुलिस के अनुसार, जुटाई गई रकम से आतंकियों को स्मार्टफोन और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाती थीं, ताकि उनकी गतिविधियों को संचालित करने में मदद मिल सके। गिरफ्तार आरोपियों में शोपियां के सैदपोरा बाला निवासी ओवैस शफी नाइकू, रावलपोरा निवासी तजामुल अहमद शाह, चित्रगाम कलां निवासी मोज इरबाल और इमदाद यूसुफ गनई शामिल हैं। 
 

इसके अलावा पुलवामा के मुर्रन निवासी साकिब जहूर वानी और लियाकत नजीर लोन, अरमोह निवासी आमिर अहमद गनई, शोपियां के ट्रेंज स्थित नादिगुंड निवासी फिरदौस ठोकर तथा कठुआ के चेक हरिया निवासी मोहम्मद हनीफ और काजू को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन, जेलों में बंद आतंकियों से संपर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button