नीट यूजी परीक्षा रद्द होने पर एआईडीएसओ , एआईडीवाइओ का प्रदर्शन, एनटीए खत्म करने की मांग
AIDSO and AIDYO protest against cancellation of NEET UG exam, demand abolition of NTA

नीट यूजी परीक्षा रद्द होने पर एआईडीएसओ , एआईडीवाइओ का प्रदर्शन, एनटीए खत्म करने की मांग
भोपाल यश भारत। छात्र संगठन एआईडीएओ और युवा संगठन एआईडीयूओ ने बुधवार सुबह ज्योति टॉकीज चौराहे पर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठनों ने कथित पेपर लीक के बाद नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द किए जाने और सीबीआई जांच के आदेश को परीक्षा प्रणाली की गंभीर विफलता बताया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ की भोपाल जिला कोषाध्यक्ष अम्बिका ने कहा कि लगातार प्रश्नपत्र लीक, अनियमितताओं और परीक्षा में हेरफेर की घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी परीक्षा में सेंधमारी बिना प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एआईडीयूओ के भोपाल जिला सचिव सोनू सेन ने कहा कि वर्तमान केंद्रीकृत परीक्षा प्रणाली और एटीए की कार्यप्रणाली बार बार सवालों के घेरे में रही है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों और अभिभावकों पर मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक दबाव बढ़ रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआईडीयूओ के राज्य उपाध्यक्ष धीरेंद्र शिवहरे ने कहा कि केवल प्रेस विज्ञप्तियों और आश्वासनों से परीक्षा प्रणाली में विश्वास बहाल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जब तक वास्तविक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी। प्रदर्शनकारियों ने न्यायिक निगरानी में समयबद्ध जांच, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषियों को कड़ी सजा देने तथा सभी राष्ट्रीय परीक्षाएं सरकार द्वारा सीधे पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने की मांग उठाई। साथ ही एनटीए को समाप्त कर नई जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई।







