सावन मेला : बांदकपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

दमोह। सावन माह के अंतिम सोमवार को श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह के समय ही 20 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान जागेश्वर नाथ के दर्शन कर चुके हैं।

बांदकपुर पहुंच रहे श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ के दर्शन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भक्तों की भीड़ बढ़ रही है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए हैं। दर्शन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।
अनुमान है कि सावन के अंतिम सोमवार को बांदकपुर धाम में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंच सकती है। पूरे दिन मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहेंगे।
सावन के अंतिम सोमवार पर बांदकपुर धाम में उमड़ा यह जनसैलाब भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमाण बन गया है।







