देश

वेंटिलेटर में धमाके के बाद नवजात वार्ड में लगी आग, तीन नवजात बच्चों की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती की घटना

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के नवजात शिशु वार्ड में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि 36 बच्चों को अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वेंटिलेटर में अचानक धमाका होने के बाद आग भड़की।

आग लगने के समय वार्ड में 39 नवजात भर्ती थे। धुआं और लपटें उठते ही अस्पताल स्टाफ ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। छह नवजातों को एहतियात के तौर पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे के बाद मृतक और प्रभावित बच्चों के परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। अस्पताल प्रशासन के अधिकारी और चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे।

छिंदवाड़ा में भी वॉर्मर मशीन में लगी थी आग

इससे पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में वॉर्मर मशीन में आग लगने से तीन नवजात झुलस गए थे। इनमें से एक बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर मशीन के फिलामेंट में स्पार्किंग को आग लगने की वजह बताया गया था। अमरावती और छिंदवाड़ा की घटनाओं ने अस्पतालों के नवजात वार्ड में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा और नियमित जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button