नर्मदा का विकराल रूप: घाट ,छोटा पुल डूबा, सड़कें थमीं; अलर्ट पर पुलिस और SDRF : 24 घंटे में 3.32 इंच बारिश; निचले इलाकों में निगरानी

मंडला । मंडला में लगातार बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़कर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे नदी का जलस्तर 437.96 मीटर दर्ज किया गया। बढ़ते पानी के कारण नर्मदा पर बना छोटा पुल भी डूब गया।
जिले में बीते 24 घंटे में औसतन 3.32 इंच बारिश दर्ज की गई। दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे नदी-नालों में भी पानी बढ़ गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
पुलिस, एसडीईआरएफ और होमगार्ड के जवानों को नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया है। सुरक्षा टीमें संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही हैं। भू-संसाधन विभाग के मुताबिक, 1 जून से 26 सितंबर तक मंडला में औसतन 50.46 इंच बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 29 सितंबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।







