रीवा lबिजली विभाग के कांटेक्टर के साथ जंगल में लूट की घटना सामने आई है। गढ़ थाना की लालगांव चौकी क्षेत्र अंतर्गत पनियारी घाट से गुजर रहे देवमूर्ति पांडे को नकाबपोश बदमाशों ने रोकते ही मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गन पॉइंट पर लेकर जेब में रखे रुपए और मोबाइल के साथ ही बाइक भी लूट ली। बदमाश उन्हीं की बाइक में सवार होकर चले गए। इस घटना पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित के बारे में बताया गया है कि वे विद्युत कंपनी में संयुक्त रूप से ठेकेदारी का काम करते हैं। देर शाम अतरैला स्थित साइड में काम कराने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियारी घाट के जंगल में छिपे बदमाशों ने अचानक
हमला कर दिया। बदमाश चार की संख्या में थे, जिन्होंने डंडे से पीटा। इसके बाद कट्टा तान दिया। जेब में रखे 20 हजार रुपए और मोबाइल निकलवाए। जाते-जाते बाइक भी ले गए। इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित एक कैंप में पहुंचकर मदद की गुहार लगाई। जहां लोगों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने चारों ओर घेराबंदी कराई। मौके पर जाकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
Back to top button