गुहराज निषादराज जयंती पर 23 मार्च को निकलेगी भव्य वाहन रैली, निषाद मांझी उत्थान समिति ने शुरू की तैयारियां, मंगलम गार्डन में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

कटनी, यशभारत। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के अनन्य भक्त, श्रृंगवेरपुर उत्तरप्रदेश के राजा गुहराज निषादराज जी की जयंती इस वर्ष भी आगामी 23 मार्च को शहर में अपार उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर निषाद मांझी उत्थान समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य और विशाल वाहन रैली निकाली जा रही है। समिति के सचिव श्याम निषाद ने बताया कि आगामी 23 मार्च सोमवार को अपरान्ह 3 बजे से नई बस्ती निषाद मोहल्ला वेंकट्स भवन के पास से वाहन रैली की शुरुआत होगी। वाहन रैली यहां से शुरू होकर आदर्श कॉलोनी होते हुए चांडक चौक, आजाद चौक, मिशन चौक से वापस आजाद चौक, शेर चौक, सराफा बाजार, रुई बाजार, गांधी द्वार, सुभाष चौक, स्टेशन रोड से बरही रोड से ब्रिज के नीचे होते हुए गर्ग चौराहा से खिरहनी ओवरब्रिज के ऊपर से होते हुए दुर्गा चौक मंगलम गार्डन में पहुंचकर समाप्त होगी। राकेश निषाद ने बताया कि दुर्गा चौक मंगलम गार्डन में इसके उपरांत निषादराज जी की आरती, सम्मान सांस्कृतिक कार्यक्रम भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। निषाद मांझी उत्थान समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समस्त सामाजिक बंधुओं से वाहन रैली में पहुंचकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।







