मसुरहा घाट पर प्रभारी मंत्री ने किया श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश
जल गंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी पर जोर, एसटीपी प्लांट का निरीक्षण और ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदने की घोषणा

मसुरहा घाट पर प्रभारी मंत्री ने किया श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश
जल गंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी पर जोर, एसटीपी प्लांट का निरीक्षण और ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदने की घोषणा

कटनी,यशभारत। मसुरहा घाट पर “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर बड़ा जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने घाट पर पहुंचकर जलकुंभी निकालने के कार्य में श्रमदान किया और लोगों को जल संरचनाओं को बचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे अभियान तभी सफल होंगे जब समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी को अग्रणी बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से बच्चों और युवाओं में जागरूकता बढ़ी है। इंदौर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि लोग स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें तो कटनी भी स्वच्छ शहरों की सूची में आगे आ सकता है।
मंत्री ने मसुरहा घाट स्थित लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बने एसटीपी प्लांट का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने गंदे पानी के शोधन और नदी प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घोषणा की कि जिले की नदियों और तालाबों की सफाई के लिए अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा कि नदियां किसी क्षेत्र की पहचान होती हैं और कटनी नदी की धारा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा कुओं की सफाई, नदी सफाई, सोक पिट निर्माण और जल संरचनाओं के संरक्षण का कार्य लगातार किया जा रहा है। कटाए घाट में लगभग 480 मीटर नदी की सफाई पूरी की जा चुकी है।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बताया जल गंगा संवर्धन अभियान और स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में लगातार स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वर्षा पूर्व पूरे शहर की सफाई का लक्ष्य रखा गया है ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी बेहतर प्रदर्शन कर सके।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। नगर की सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सफाई मित्रों का सम्मान करते हुए उन्हें केप, गमबूट और यूनिफॉर्म वितरित किए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार,सीईओ जिला पंचायत हरसिमरन प्रीत कौर,
डीएफओ गर्वित गंगवार
राहुल कोठारी, सुजीत जैन, दीपक टंडन सोनी, श्लोक वाईकर, प्रमोद चतुर्वेदी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, बीना बैनर्जी, शशिकांत तिवारी, अवकाश जायसवाल, लव साहू, सीमा श्रीवास्तव, रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







