शहडोल और पुणे में मिली कटनी से लापता बालिकाएं, एनकेजे और बड़वारा पुलिस ने परिजनों को किया सुपुर्द

कटनी, यशभारत। एनकेजे थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिक बच्ची की तलाश करते हुए एनकेजे पुलिस ने उसे शहडोल से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। बच्ची को वापस लाने के बाद विधिवत कार्यवाही करते हुए उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। परिवार ने अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना की और हृदय से आभार व्यक्त किया। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर एएसपी संतोष डेहरिया एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एनकेजे पुलिस अपहर्त बालक-बालिका की तलाश में लगातार सक्रिय कार्यवाहियों को अंजाम दे रही है। इसी क्रम में एनकेजे थाने में दर्ज प्रकरण में साइबर सेल की मदद से एनकेजे पुलिस पुलिस द्वारा शहडोल जिले से अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। बालिका को थाने लाकर परिजनो को सुपुर्द किया गया। बालिका के मिलने पर परिजनो ने एनकेजे पुलिस के कार्य की सराहना की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रुपेन्द्र राजपूत, एसआई नरेश झारिया, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह परिहार, महिला आरक्षक पुष्पलता मिश्रा, साइबर सेल से आरक्षक शुभम गौतम, अमित श्रीपाल,अ जय शंकर साकेत, सत्येंद्र राजपूत, चंदन प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही। इसी तरह बड़वारा पुलिस ने 25 मार्च से लापता एक बालिका को खोजकर परिजनों से मिलाया। बड़वारा थाना प्रभारी के के पटेल ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी घर से बिना बताये कहीं चला गयी थी। परिजनों को शंका थी कि उसे कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। रिपोर्ट पर बड़वारा थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अपहृता को महाराष्ट्र के पुणे से दस्तयाब किया जाकर परिजनों को सुपुर्द किया गया। गुमशुदा नाबालिक दो बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब करते हुए उनके परिजनो के सुपुर्द किया गया।







