भोपाल में 305 करोड़ से बनेगा देश का पहला अनूठा कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स

भोपाल में 305 करोड़ से बनेगा देश का पहला अनूठा कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स
– दो साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य, पश्चिमी क्षेत्र के बिजली ग्रिड का होगा संचालन और नियंत्रण
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एयरोसिटी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। यहां ग्रिड कंट्रोल ऑफ इंडिया लिमिटेड (ग्रिड-इंडिया) के वेस्टर्न रीजन के कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स का निर्माण करीब 305 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस कॉम्प्लेक्स से देश के पश्चिमी क्षेत्र के बिजली ग्रिड का संचालन और नियंत्रण किया जाएगा। इसे देश में अपनी तरह का पहला कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स बताया जा रहा है।
दो साल में पूरा होगा निर्माण
परियोजना को गति देने के लिए ग्रिड-इंडिया के साथ ‘कांसेप्ट टू कंप्लीशन’ समझौता किया जा चुका है। इसके लिए भूमि का आवंटन भी कर दिया गया है। निर्माण कार्य को लगभग दो साल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
भवन अनुमति से लेकर पर्यावरणीय मंजूरी तक पर जोर
परियोजना के निर्माण में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए भवन अनुज्ञा, पर्यावरणीय स्वीकृति, भूमि उपयोग परिवर्तन और ग्रीन बिल्डिंग प्रमाणन जैसी जरूरी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा निर्माण स्थल पर बिजली के खंभों की शिफ्टिंग भी निर्धारित समयसीमा में करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली ग्रिड के नियंत्रण में होगी अहम भूमिका
इस कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स के शुरू होने के बाद पश्चिमी क्षेत्र की बिजली ग्रिड व्यवस्था के संचालन और नियंत्रण में इसकी अहम भूमिका होगी। करीब 305 करोड़ रुपये की यह परियोजना भोपाल के एयरोसिटी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकसित करेगी। निर्धारित समय में निर्माण पूरा होने पर यहां आधुनिक बिजली ग्रिड नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों को संचालित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।







