छात्रों को डेढ़ और शिक्षकों को मिलेगा एक महीने का अवकाश, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया छुट्टियों का कैलेंडर

कटनी, यशभारत। स्कूल शिक्षा विभाग ने छात्रों और शिक्षकों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छुट्टियों की घोषणा कर दी है। जारी आदेश अनुसार विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अलग-अलग अवसरों पर छुट्टियों का कैलेंडर जारी किया गया है। इस फैसले से छात्रों और शिक्षकों को पूरे साल की छुट्टियों की जानकारी मिल सकेगी। आदेश के अनुसार छात्रों की गर्मी की छुट्टियां ग्रीष्मकालीन अवकाश की शुरूआत 1 मई से होगी। विद्यार्थियों का यह अवकाश 15 जून तक रहेगा। शिक्षकों के लिए यह अवधि 31 मई तक निर्धारित की कई है। हर बार की तरह इस बार भी गर्मी की छुट्टियां सबसे लंबी रहेंगी, जिससे छात्रों को राहत मिलेगी। आदेश के मुताबिक दहशरे की छुट्टियां 19 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक रहेंगी। यह अवकाश विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए लागू होगा। इसके बाद दीपावली के मौके पर 6 नवंबर से 10 नवंबर तक छुट्टियां घोषित की गई हैं, जिससे त्योहारों के दौरान परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। साल के अंत में शीतकालीन अवकाश यानी विंटर वेकेशन 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक रहेगा। यह अवकाश भी विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए लागू होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह छुट्टियां राज्य के सभी शासकीय विद्यालयों पर लागू होगा। सम्बंधित अधिकारीयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें और जारी कैलेंडर की जानकारी सभी स्कूलों तक पहुंचाए।







