BREAKING : कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा : मिट्टी धंसने से 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत

पन्ना ।जिले के अजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा में आज मंगलवार को ग्राम पंचायत द्वारा निर्माणाधीन कुआं की मिट्टी धसकने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पांच मजदूरो की मौत हो गई , जबकि 2 व्यक्ति सकुशल बाहर निकल आए। मौका स्थल पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौजूद है। एसडीईआरएफ की टीम द्वारा अब तक 2 शव निकाले गए हैं।
जानकारी के अनुसार कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया , इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मिट्टी धंसने से 5 मजदूर कुएं में दब गए, जिनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मामला अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा का है, जहां बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। मंगलवार को अचानक कुएं की भुसभुसी मिट्टी भरभराकर धंस गई। हादसे के वक्त मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे, जबकि दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए हुए थे।
हादसे में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल समेत 5 मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर पुलिस, राजस्व अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर भुसभुसी और कमजोर मिट्टी वाले इलाके में कुएं की खुदाई किस आधार पर कराई जा रही थी? क्या तकनीकी जांच हुई थी? क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं? अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही पर निगाहें टिकी हैं।






