दो दिन बाद खदान ने उगली युवक की लाश, एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस ने किया रेस्क्यू

कटनी, यशभारत। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धुरी बंधी स्थित खदान में डूबे युवक की लाश सोमवार को बरामद की गई। विदित हो कि दो दिन पहले युवक अचानक खदान में डूब गया था। युवक के खदान में डूबने के बाद उसके शव की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन और निगरानी में एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस वालंटियर्स की संयुक्त टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद युवक का शव खदान से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द किया। मृत युवक की पहचान धुरी ग्राम निवासी 26 वर्षीय दुर्गेश कुशवाहा पिता प्रताप कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया गया। गहरी खदान और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीम ने पूरी तत्परता, साहस और सूझबूझ के साथ अभियान संचालित किया। रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व एसडीईआरएफ प्रभारी श्वेता गुप्ता ने किया, जबकि सह प्रभारी ममता गोंड ने अभियान के संचालन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। एसडीईआरएफ के चार जवानों ने कांटा रस्सा एवं रबर बोट की सहायता से लगातार प्रयास करते हुए शव को सुरक्षित बाहर निकाला।






