देश

चलती सूमो पर गिरी विशाल चट्टान, 13 की मौत, 2 घायल

हिमाचल के लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली मार्ग पर उस समय हुआ, जब पहाड़ी से अचानक विशाल चट्टान टूटकर एक टाटा सूमो वाहन पर आ गिरी।

जानकारी के अनुसार टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) में चालक सहित 15 लोग सवार थे। वाहन जैसे ही कढ़ूनाला के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी का हिस्सा धंस गया और भारी चट्टान सीधे वाहन पर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से दो घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रशासन ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पहचान पूरी होने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी धंसने से चट्टान का अचानक टूटकर गिरना बताया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button