केंद्रीय जेल गेट के सामने मोबाइल झपट कर भागे बदमाश

केंद्रीय जेल गेट के सामने मोबाइल झपट कर भागे बदमाश
भोपाल, यशभारत: राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। गुरुवार देर शाम गांधी नगर इलाके में केंद्रीय जेल परिसर के गेट के सामने एक पैदल जा रहे युवक के हाथ से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान हर्ष राय (उम्र 28), पिता अशोक राय, निवासी जेल कॉलोनी, गांधी नगर के रूप में हुई है। हर्ष राय गुरुवार देर शाम अपने घर के पास से पैदल गुजर रहे थे, तभी यह घटना हुई।
बताया जाता है कि जैसे ही युवक केंद्रीय जेल परिसर के गेट के सामने पहुंचा, पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके हाथ से कीमती मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेजी से बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए।
पीड़ित ने तत्काल गांधी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने हर्ष राय की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।







