
जबलपुर यशभारत। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के महगवां गांव में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। घर के बाहर तार पर साड़ी सुखाने के दौरान करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से बहू और उसे बचाने पहुंचे ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
इस घटना के संबंध में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सिहोरा थाना अंतर्गत महगवां गांव में बिजली करंट से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय मयूरी दुबे घर के बाहर साड़ी सुखाने के लिए डाली गई थी। इसी दौरान किसी तरह तार में करंट प्रवाहित हो गया और साड़ी उतारते समय महिला उसकी चपेट में आ गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए उसके ससुर विष्णु प्रसाद दुबे दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पत्नी और पिता को बचाने के प्रयास में पति 40 वर्षीय मुकेश दुबे भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उक्त घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विद्युत करंट फैलने की वजह की पड़ताल की जा रही है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से महगवां गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। पुलिस और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर घरेलू तार में करंट कैसे आया ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





