
जबलपुर,यश भारत। जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) परिसर के बंद पड़े पुराने छात्रावास में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का अनुमान है कि वह आसपास घूमने वाला बेघर व्यक्ति हो सकता है। शव पर मिले कुछ निशानों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लंबे समय से बंद और जर्जर पड़े हॉस्टल में बाहरी लोगों की आवाजाही को लेकर प्रशासन की सतर्कता पर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






