गहराया जल संकट : खाली बर्तन रख ग्रामीणों ने जताया विरोध

यशभारत, डिंडोरी । जिले के समनापुर ब्लॉक मुख्यालय में इन दिनों जल संकट गहराता जा रहा है। नल जल योजना की सप्लाई प्रभावित होने से ब्लॉक मुख्यालय के कई मोहल्लों में पिछले लगभग एक सप्ताह से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है।
इस भीषण गर्मी में बड़ी संख्या में रहवासी ग्रामीण जनपद कार्यालय के गेट के सामने पहुंचे और खाली बर्तन रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि नल जल योजना से जुड़े कार्य समय पर पूरे नहीं किए जा रहे हैं और विभागीय लापरवाही के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि पानी नहीं मिलने से उन्हें दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण अब लोगों को विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वहीं, इस पूरे मामले में लोगों की नजर अब प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी जैसी मूलभूत सुविधा प्रभावित होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।







