केन्द्रीय जेल का राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मित्तल ने किया निरीक्षण : बंदियों से मुलाकात कर सुनीं उनकी समस्यायें

ग्वालियर / केन्द्रीय जेल ग्वालियर का मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के सदस्य सचिव श्री प्रदीप मित्तल ने सोमवार को निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने जेल मैनुअल 2016 के अनुसार बंदियों को उपलब्ध कराई जा रहीं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान श्री मित्तल ने बंदियों की बैरकों का निरीक्षण कर बैरक परिसर बंदियों के बिस्तर और शौचालय की साफ-सफाई की वस्तुस्थिति जानी। साथ ही बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्यायें सुनीं और बंदियों को विधि सम्मत सलाह भी प्रदान की। केन्द्रीय जेल के सामुदायिक पुरूष शौचालय में उचित साफ-सफाई के लिये उन्होंने निर्देश दिए।
सदस्य सचिव श्री प्रदीप मित्तल द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री प्रियंक भारद्वाज, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दीपक शर्मा, अधीक्षक केन्द्रीय जेल श्री विदित सिरवैया, वरिष्ठ जेल उपाधीक्षक श्री अनिरुद्ध सिंह नरवरिया, श्रीमती ममता नार्वे, श्री राम गोपाल पाल, सहायक जेल अधीक्षक श्री विपिन दंडोतिया, श्री प्रवीण त्रिपाठी, श्री नीरज यादव सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा।







