शादी का निमंत्रण बांटने निकले पिता की सड़क हादसे में मौत,घर में पसरा मातम
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

जबलपुर,यशभारत। बेटे की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब निमंत्रण पत्र बांटने निकले एक पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। टेमर भीटा निवासी 52 वर्षीय रवि पटेल रविवार को अपनी बाइक से बायपास मार्ग होते हुए तिलवारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार लोडिंग पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रवि पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, मृतक के बेटे नितेश पटेल का विवाह 25 अप्रैल को होना तय था। इसी सिलसिले में रवि पटेल घर से निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने पिकअप वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।







