किसानों को मिलेगी राहत : जिले को प्राप्त हुआ 1442 मेट्रिक टन यूरिया उर्वरक

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में कुछ दिनों से किसानों को यूरिया उर्वरक के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा था। क्योकि यूरिया उर्वरक के अभाव में फसलों को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही थी। जिसकी मांग को लेकर किसानों ने कलेक्टर और कृषि कल्याण विभाग के उपसंचालक को आवेदन भी दिया था। साथ ही केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश सिंह और पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह ने भी कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को पत्र लिखा था।
जिसके बाद सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन एवं उपसंचालक कृषि सिवनी सुधीर कुमार धुर्वे द्वारा कृषकों को कृषि आदान सामग्री जैसे बीज, उर्वरक एवं पौध संरक्षण रसायन उपलब्ध कराने की दिशा मे कार्य किया गया है। और लगातार किये गये प्रयासों से आज शनिवार 2 अगस्त को सिवनी जिले को सिवनी रैक पाइंट से एच यू आर एल कंपनी का यूरिया उर्वरक 1093 मेट्रिक टन प्राप्त हुआ है। जो कि डबल लॉक केन्द्रो में 210 मेट्रिक टन, समितियों में 416 मेट्रिक टन, एम.पी एग्रो सिवनी में 30 मेट्रिक टन, तथा निजी क्षेत्र में 321.3 मेट्रिक टन, यूरिया उर्वरक उक्त कंपनी का पहुँच रहा है।
इसके अतिरिक्त मंडला जिले में स्थित चिरई डोंगरी रैक पाइंट से चंबल फर्टीलाइजर्स की रैक से जिले को 349.5 मेट्रिक टन यूरिया प्राप्त हो रहा है। जो कि डबल लॉक केन्द्रो में 60 मेट्रिक टन एवं निजी क्षेत्रो में 289.5 मेट्रिक टन यूरिया उर्वरक पहुँच रहा है। इस प्रकार जिले को कुल 1442 मेट्रिक टन यूरिया प्राप्त हुआ है। उक्त यूरिया उर्वरक का वितरण दिनांक 4 अगस्त से सभी संस्थाओं से प्रारंभ हो जायेगा।
उपसंचालक कृषि सिवनी सुधीर कुमार धुर्वे, सहायक संचालक कृषि प्रफुल्ल घोड़ेसवार एवं अन्य अधिकारियों ने सिवनी के उर्वरक रैक पाइंट पहुँचकर प्राप्त हुए उर्वरक की कंपनी प्रतिनिधी से जानकारी ली तथा मंडल प्रबंधक मार्कफेड जबलपुर के माध्यम से जारी प्रोग्राम अनुसार उर्वरक परिवहन की व्यवस्था का अवलोकन किया। उपसंचालक कृषि द्वारा संबंधित परिवहनकर्ता को निर्देश दिये की वे जारी प्रोग्राम अनुसार ही उर्वरक का परिवहन सभी संबंधित संस्थाओं को करें।







