कटनी साउथ स्टेशन के बाहर साइकिल स्टैंड कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोपी आरपीएफ जवान निलंबित, कर्मचारी का अस्पताल में चल रहा इलाज

कटनी, यशभारत। कटनी साउथ स्टेशन के बाहर देर रात किसी बात को लेकर साइकिल स्टैंड के कर्मचारी के साथ मारपीट के आरोपी आरपीएफ के जवान राकेश द्विवेदी को अनुशासनहीनता के चलते निलम्बित कर दिया गया है। आरपीएफ जवान ने कटनी साउथ स्टेशन के बाहर साइकिल स्टेण्ड कर्मचारी से खाने पीने के लिए कुछ सामान मंगाया था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और वाहन स्टैंड कर्मचारी राहुल यादव और एक अन्य कर्मचारी के साथ आरपीएफ जवान ने जमकर मारपीट की। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में घायल हुए कर्मचारी राहुल यादव की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल उपचार के लिए रात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस मामले के सामने आने के बाद आरपीएफ जवान को मुख्यालय द्वारा निलम्बित कर दिया गया है।






