आजम खान को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 426 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत
10 दिसंबर तक मिली राहत, बुधवार को जेल से बाहर आने की संभावना;

आजम खान को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 426 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह की खंडपीठ ने मंगलवार को यह आदेश सुनाया। जमानत की राहत 10 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई तक प्रभावी रहेगी।सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि आजम खान की गिरफ्तारी के समय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं किया। कोर्ट ने उन्हें व्यक्तिगत मुचलके और समान राशि के दो जमानतदार प्रस्तुत करने पर रिहा करने का निर्देश दिया है। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बुधवार को गाजियाबाद की डासना जेल से उनकी रिहाई की संभावना है।
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा है मामला
यह मामला रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा है। ईडी ने 31 अक्टूबर को आजम खान को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण में किसानों की जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया और सरकारी धन व संसाधनों का भी इस्तेमाल हुआ। ईडी ने यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों की करीब 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की है।हाईकोर्ट ने ईडी को मामले में जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।







