कटनी

बरही में ऐसा चमत्कार भी…डाक्टर ने किया मृत घोषित, घर पहुंचकर रोने लगा नवजात

कटनी, यशभारत। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही के डॉक्टरों ने जिस नवजात बालक को मृत घोषित कर दिया था, कुछ समय बाद वही नवजात घर पहुंचते ही रोने लगा। बच्चे की किलकारी सुनते ही परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कुछ देर पहले तक परिवार में पसरा मातम अचानक खुशियों में बदल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरही क्षेत्र के ग्राम कुटेश्वर निवासी सिलोचना केवट पति प्रदीप केवट को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार की रात करीब 12.20 बजे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही ले जाया गया था। बताया गया कि महिला का प्रसव घर पर ही हो चुका था। इसके बाद अस्पताल में महिला डॉक्टरों ने जच्चा और नवजात का उपचार किया। परिजनों के मुताबिक सुबह करीब 7.30 बजे डॉक्टरों ने नवजात बालक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर घर लौट आए। घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। बच्चे को जीवित देखकर परिजन दंग रह गए। परिवार में खुशी का माहौल बन गया। आशा कार्यकर्ता रामबाई केवट ने भी घटना को सही बताते हुए नवजात बालक के जीवित होने की जानकारी दी। नवजात के वापस जीवित हो जाने की खबर इलाके में आग की तरह फैली। लोग इसे ईश्वर का चमत्कार मान रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button